राणा सुधांशू हसनगंज उन्नाव।
।हसनगंज उन्नाव!! हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नगर पंचायत मोहान और न्योतनी में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास और पारंपरिक सौहार्द के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। देश की खुशहाली के लिए उठे हाथ कस्बों में सुबह 9:00 बजे से ही नमाज का सिलसिला शुरू हो गया था। बरकती मस्जिद में इमाम हाफिज मोहम्मद शोएब ने नमाज अदा कराई। खुत्बे के दौरान उन्होंने इस्लाम की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला और मुल्क में अमन-चैन, तरक्की तथा आपसी भाईचारे के लिए दुआएं मांगी। नमाज के बाद छोटे-बड़ों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हसनगंज पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखा। कोतवाली प्रभारी शरद कुमार स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मोहान, न्योतनी और हसनगंज की संवेदनशील जगहों एवं मस्जिदों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मुस्तैदी के चलते कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम रही। नगर पंचायतों में दिखी रौनक,नगर पंचायत प्रशासन द्वारा भी साफ,सफाई और पानी की समुचित व्यवस्था की गई थी। बाजार में भी ईद की रौनक देखते ही बन रही थी। लोगों ने अपने घरों में सेवइयां और पकवान बनाकर अतिथियों का स्वागत किया, जो भारतीय संस्कृति की साझा विरासत को दर्शाता है।



