यूपी। अभिनेता तरुण खन्ना इस साल अपना जन्मदिन एक बेहद खास और आध्यात्मिक माहौल में मना रहे हैं। पवित्र नगरी उज्जैन में मौजूद तरुण इन दिनों एण्डटीवी के आगामी डिवाइन ड्रैमेडी शो ‘हे भगवान-कितना बदल गया इंसान‘ की शूटिंग कर रहे हैं। यह शहर उनके लिए न सिर्फ धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि अब उनके करियर के एक अहम पड़ाव से भी जुड़ गया है। अपने जन्मदिन को और भी आध्यात्मिक बनाने के लिए तरुण श्री महाकालेश्वर ज्योर्तिलिंग मंदिर में दर्शन कर महाकाल का आशीर्वाद लेने वाले हैं। शो में महादेव की भूमिका निभा रहे तरुण के लिए यह अनुभव बेहद भावनात्मक और अविस्मरणीय है।
अपनी खुशी साझा करते हुए तरुण खन्ना, जोकि ‘हे भगवान-कितना बदल गया इंसान‘ में महादेव का किरदार निभा रहे हैं, कहते हैं, “यह जन्मदिन मेरे जीवन के सबसे यादगार जन्मदिनों में से एक है। उज्जैन, महाकाल की नगरी में रहकर और स्क्रीन पर महादेव का किरदार निभाते हुए इसे मनाना, जीवन और कला का सुंदर संगम लगता है। इस समय महाकाल के दर्शन करना मेरे लिए सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि एक गहरा आध्यात्मिक अनुभव है। उज्जैन की एनर्जी को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। मंदिर की घंटियों के साथ सुबह की शुरुआत, शहर की आध्यात्मिक लय को महसूस करना और एक अभिनेता के साथ-साथ एक भक्त के रूप में यहां होना, इस दिन को बेहद खास बना देता है।” शूटिंग के बीच तरुण शहर को सिर्फ देखने नहीं बल्कि उसे करीब से महसूस करने की योजना भी बना रहे हैं। वे कहते हैं, “मैं सूर्याेदय के समय घाटों पर जाने, संकरी गलियों में बसे मंदिरों के दर्शन करने और यहां के लोगों से मिलकर उनकी कहानियां सुनने के लिए उत्साहित हूं। खास तौर पर यहां का स्थानीय स्वाद-सुबह का गरम पोहा-जलेबी और मशहूर स्ट्रीट फूड- चखने का इंतजार है। उज्जैन में भक्ति, सादगी और अपनापन एक साथ मिलता है। मैं इस पल को ठहरकर, कृतज्ञता के साथ जीना चाहता हूं।”



