राणा सुधांशू हसनगंज उन्नाव..
हसनगंज उन्नाव!! मोहान-बांगरमऊ मार्ग पर सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना में ऊंचगांव निवासी 54 वर्षीय रिटायर्ड फौजी सजीवन सिंह की अज्ञात वाहन की तेज रफ्तार टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। चार साल पहले जम्मू कश्मीर के डोडा जिले से भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए सजीवन पिछले एक साल से हसनगंज विद्युत विभाग में रात्रि गार्ड के रूप में सेवा दे रहे थे। देश सेवा के बाद शांतिपूर्ण जीवन जी रहे इस वीर सपूत की मॉर्निंग वॉक आखिरी सैर बन गई।सुबह जल्दी ही वॉक के लिए निकले सजीवन सिंह को अचानक एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरे और झाड़ियों में छिपे रह गए। सुबह करीब 10 बजे तक घर न लौटने पर चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। तभी राहगीरों ने सड़क किनारे झाड़ियों में उल्टे मुंह पड़े सजीवन को देखा और फौरन हसनगंज कोतवाली को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें तुरंत हसनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, समय जायदा होने से डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक सजीवन के परिवार में एक 26 वर्षीय अविवाहित बेटा मोनू सिंह है, जिसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं, साथ ही दो विवाहित बेटियां हैं। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाली इंस्पेक्टर शरद कुमार ने बताया प्रारंभिक जांच में अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत की पुष्टि हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद वाहन चालक की तलाश और सख्त कार्रवाई की जाएगी।



