लखनऊ। एसएससी जीडी परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक, धांधली और कुप्रबंधन के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अव्यवस्थाओं से यह स्पष्ट हो गया है कि परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और युवाओं का भविष्य संकट में डाला जा रहा है।
वंशराज दुबे ने कहा कि समाचार माध्यमों में एसएससी जीडी परीक्षा से जुड़े गंभीर मामलों का खुलासा हुआ है। ग्रेटर नोएडा और रांची सहित कई स्थानों पर ऐसे गिरोहों का पर्दाफाश होने की बात सामने आई है, जो अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर परीक्षा पास कराने का दावा कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों द्वारा नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और परीक्षा से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं तथा तकनीकी माध्यमों से धांधली और प्रश्नपत्र लीक के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा विवाद के बाद एसएससी जीडी परीक्षा पर उठे सवाल युवाओं के भरोसे को और कमजोर करने वाले हैं।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच रहा है। ऐसे में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्र लंबी दूरी तय कर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, लेकिन कई स्थानों पर उन्हें परीक्षा रद्द होने, अव्यवस्था और धांधली के आरोपों का सामना करना पड़ा। इसे उन्होंने छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना बताया।वंशराज दुबे ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं को मजाक बनाकर रख दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शायद ही कोई ऐसी भर्ती परीक्षा बची हो जिस पर विवाद न हुआ हो। कहीं प्रश्नपत्र लीक हो जाता है, कहीं व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है और कहीं परीक्षा केंद्रों पर कुप्रबंधन छात्रों के भविष्य पर असर डालता है। उन्होंने दावा किया कि कई परीक्षा केंद्रों पर क्षमता से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाया गया, जबकि मूलभूत व्यवस्थाएं भी पर्याप्त नहीं थीं।उन्होंने लखनऊ, प्रयागराज समेत विभिन्न जनपदों में सामने आई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा रद्द होने और अव्यवस्थाओं ने छात्रों के धैर्य की परीक्षा ले ली है। उन्होंने कहा कि हर बार नुकसान छात्रों को उठाना पड़ता है, जबकि व्यवस्था की जवाबदेही तय नहीं होती।आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि एसएससी जीडी परीक्षा में कथित कुप्रबंधन और धांधली की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही भीषण गर्मी में परेशान हुए छात्रों को यात्रा व्यय और उचित मुआवजा दिया जाए तथा प्रदेश में पारदर्शी और मजबूत परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए।



