बाराबंकी: समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान युवा सामाजिक कार्यकर्ता तालिब जमाल ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए समाजवादी विचारधारा के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव अरविंद सिंह गोप, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, जैदपुर विधायक गौरव रावत, सदर विधायक सुरेश यादव, सदर चेयरमैन सुरेंद्र वर्मा, पूर्व एमएलसी राजेश यादव समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तालिब जमाल एक शिक्षित युवा और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। जनसमस्याओं से जुड़ाव और लोगों की सेवा के जज्बे को देखते हुए उन्होंने अब समाजवादी पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है।
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद तालिब जमाल ने कहा कि समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय और जनसेवा की भावना से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी का हिस्सा बनने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ जनसमस्याओं के समाधान और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पूरी ईमानदारी और लगन से काम करेंगे।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व और मौजूद कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि साथियों का विश्वास और वरिष्ठों का मार्गदर्शन उनके लिए हमेशा हौसला बढ़ाने वाला रहेगा। उन्होंने संकल्प लिया कि आगे भी सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए आम लोगों के बीच अपना संपर्क और मजबूत करेंगे।
इस मौके पर मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालिब जमाल का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। नेताओं ने उम्मीद जताई कि उनकी सक्रियता से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।



