फतेहपुर। खागा तहसील क्षेत्र के बहेरा सादात में आज (21 सफर) को चेहल्लुम के अवसर पर मजलिस व जुलूस-ए-अरबईन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समय शाम 4:00 बजे निर्धारित किया गया है। आयोजन स्थल बड़ा इमामबाड़ा, नासिर हुसैन साहब, बहेरा सादात रहेगा। कार्यक्रम के आयोजक साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) के उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार शहंशाह आब्दी हैं।
इस विशेष आयोजन में बिहार के प्रसिद्ध शिया धर्मगुरु मौलाना अली अब्बास छपरवी मुख्य वक्ता (खिताबत) के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम का निज़ामत मौलाना नय्यर बहिश्ती जलालपुरी करेंगे। तिलावत और पेशख्वानी मरजान हाशमी आज़मगढ़ी करेंगे। इस अवसर पर अंजुमन अब्बासिया बांदा तथा अंजुमन वारसी, जेहिदपुर (कौशाम्बी), अंजुमन अब्बासिया अहले सुन्नत नजरगंज, कौशाम्बी अपनी अंजुमन के साथ शानदार नौहे और मातम पेश करेंगे। साथ ही नौहाख्वानी के लिए हिन्दुस्तान के मशहूर नौहाख्वान मुदस्सिर जौनपुरी, रेहान जलालपुरी और मख़सूस नौहा ख्वान आशू कानपुरी भी अपने नौहे पेश करेंगे। ये कार्यक्रम साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी की सरपरस्ती में आयोजित होगा। साथ ही आयोजन की जिम्मेदारी अंजुमन ज़ुल्फेकार-ए-हैदरी, बहेरा सादात द्वारा निभाई जा रही है। आयोजकों ने क्षेत्र के अकीदतमंदों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।



