मनोरंजन डेस्क/ नवरात्रि के पावन अवसर पर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ के निर्माताओं ने इसका नया और भव्य एन्सेम्बल पोस्टर जारी कर दिया है। इसके साथ ही फिल्म के पहले पार्ट की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा भी कर दी गई है। यह महाकाव्य फिल्म दो भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगा। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए संदेश दिया है, “यह राम के युग का आरंभ है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस भव्य फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। पोस्टर में स्टार कास्ट के किरदारों की पहली झलक साफ दिखाई दे रही है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी माता सीता के किरदार में और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। वहीं, कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार यश इस महाकाव्य में रावण के रूप में एक भव्य और शक्तिशाली अवतार में दिखाई देंगे। इसके अलावा फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान के महत्वपूर्ण किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म से जुड़े खास आकर्षण और विवरण इस प्रकार हैं
एडवांस बुकिंग: फिल्म के पहले पार्ट के लिए दर्शकों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है, क्योंकि इसकी एडवांस बुकिंग इस दशहरे के मौके पर शुरू कर दी जाएगी निर्माण और तकनीक: इस प्रोजेक्ट को नमित मल्होत्रा के ‘प्राइम फोकस स्टूडियोज’ द्वारा 8 बार ऑस्कर विजेता वीएफएक्स स्टूडियो ‘DNEG’ और यश की ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ के साथ मिलकर तैयार किया जा रहा है।
भाषाएं और फॉर्मेट: ‘रामायणम्’ पार्ट 1 हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। यह दुनिया भर के सभी प्रमुख प्रीमियम फॉर्मेट्स और आईमैक्स (IMAX) में प्रदर्शित की जाएगी।
रिलीज योजना: फिल्म का पार्ट 1 साल 2026 में दिवाली के आसपास 5 नवंबर को रिलीज होगा, जबकि इसका दूसरा पार्ट साल 2027 में दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगा।
वितरण की बात करें तो, भारत को छोड़कर पूरी दुनिया में इसे सोनी पिक्चर्स द्वारा रिलीज किया जाएगा, जबकि भारत के हिंदी बेल्ट में धर्मा प्रोडक्शंस इसके मुख्य डिस्ट्रीब्यूटर होंगे। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पर्व नवरात्रि पर आए इस पोस्टर और घोषणा ने फिल्म के थिएट्रिकल सफर का शानदार आगाज कर दिया है।



