लखनऊ राजधानी लखनऊ में जैसे-जैसे ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे जरूरतमंदों की मदद के लिए सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कंबल वितरण का सिलसिला भी तेज हो गया है। इसी क्रम में आज मदेयगंज के खदरा क्षेत्र में गरीबों और असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री यामीन खान, क्षेत्रीय पार्षद नदीम खान तथा इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली की विशेष मौजूदगी रही। बढ़ती ठंड को देखते हुए गरीबों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह कंबल वितरण अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 500 से अधिक कंबल जरूरतमंदों में बांटे गए। कंबल पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई। क्षेत्रीय लोगों ने इस मानवीय पहल की जमकर सराहना की। जैसे ही कंबल वितरण की सूचना फैली, मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। गौरतलब है कि यह कोई पहली बार नहीं है जब पूर्व राज्य मंत्री यामीन खान ने इस तरह का सराहनीय कार्य किया हो। वे अक्सर सामाजिक कार्यों और जरूरतमंदों की मदद को लेकर चर्चा में रहते हैं। इस बार भी अपने खदरा स्थित आवास पर कंबल वितरण का आयोजन किया गया। इस नेक पहल के लिए क्षेत्र की जनता ने पूर्व राज्य मंत्री यामीन खान, पार्षद नदीम खान, इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद तथा अन्य सहयोगियों को दुआएं दीं। कार्यक्रम में सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जरूरतमंदों की सेवा कर मानवता की मिसाल पेश की।



