हसनगंज (उन्नाव)।नए साल की धूमधाम से मनाने की तैयारियों के बीच उन्नाव जिला प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आया। अवैध शराब बिक्री और एक्सपायरी डेट वाली शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए अजगैन थाने के नवाबगंज कस्बे में उपजिलाधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय और इंस्पेक्टर ज्योति अग्रवाल ने संयुक्त रूप से शराब के ठेकों का सघन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर की बारीकी से जांच की, लाइसेंस की वैधता परखी और शराब की बोतलों पर एक्सपायरी डेट की सघन जांच की। किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री या पुरानी शराब के स्टॉक को पकड़ने के लिए दुकानों के गोदामों तक पहुंचे। प्रारंभिक जांच में कुछ ठेकों पर स्टॉक रजिस्टर में विसंगतियां पाई गईं, हालांकि अभी कोई बड़ी कार्रवाई दर्ज नहीं हुई है। उपजिलाधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय ने बताया, “नववर्ष के अवसर पर शराब के अवैध कारोबार और नकली शराब की बिक्री से आमजन की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसलिए सभी शराब ठेकों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। अवैध व एक्सपायरी शराब बेचने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस रद्द करने तक के निर्देश दिए गए हैं।”प्रशासन की इस अप्रत्याशित सख्ती से नवाबगंज कस्बे के शराब ठेकेदारों में हड़कंप मच गया।



