उन्नाव। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
नामांकन से एक दिन पहले पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए अधिकृत वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में उन्नाव जिले को विशेष प्रतिनिधित्व मिला है, क्योंकि सफीपुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बाबा लाल दिवाकर को भी वोटर बनाया गया है।
भाजपा द्वारा जारी वोटर लिस्ट के अनुसार, पूरे प्रदेश से कुल 26 विधायकों को प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए अधिकृत सदस्य बनाया गया है। इन 26 विधायकों में सफीपुर विधायक बाबा लाल दिवाकर का नाम शामिल है। पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
14 दिसंबर को होने वाले प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में सभी 26 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर विचार चल रहा है। पार्टी के उच्च नेतृत्व ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से अनुभवी और सक्रिय चेहरों की पहचान की है। नामांकन प्रक्रिया कल पूरी होगी, जिसके बाद चुनावी प्रक्रिया और तेज हो जाएगी।



