उन्नाव। जनपद विकास संवर्ग (PDS) उन्नाव इकाई की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व कार्यकारिणी के सदस्यों के विभिन्न स्थानों पर स्थानांतरण हो जाने के कारण नई कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा हुई और सर्वसम्मति से नई टीम का चयन कर लिया गया।इस अवसर पर PDS खंड विकास अधिकारी बांगरमऊ/गंजमुरादाबाद अनिल कुमार सिंह को अध्यक्ष के पद पर चुना गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर संतोष श्रीवास्तव, महामंत्री के पद पर निशा सागर विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष के पद पर फहद खान, उपाध्यक्ष के पद पर श्वेता त्रिपाठी तथा ऑडिटर के पद पर दीप शिखा वर्मा का चयन सर्वसम्मति से किया गया। सभी चयनित पदाधिकारियों को विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने ग्रामीण विकास योजनाओं एवं शासन के सभी कार्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। साथ ही संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि सदस्यों के बीच समन्वय बना रहे और PDS संवर्ग के हितों की रक्षा हो सके।बैठक में परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव कुमार चतुर्वेदी, उपायुक्त श्रम रोजगार मुनेश चंद्र के अलावा जनपद के विभिन्न ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी एवं बड़ी संख्या में PDS संवर्ग के सदस्य उपस्थित रहे। यह गठन PDS संवर्ग के लिए एक नई ऊर्जा का संचार करने वाला कदम माना जा रहा है।



