इटौंजा क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत गुट ने मानवता का परिचय देते हुए राहत अभियान चलाया। संगठन के उत्तर प्रदेश प्रभारी ठाकुर तारा सिंह बिष्ट ने सहयोगी रामप्रकाश सिंह के साथ चंदनपुर, शीतलपुरवा, असनहा ग्राम पंचायत सुवंशीपुरवा, गोहाना खुर्द, खेरिया पिपरी और केसरमऊ खुर्द गांवों में पहुंचकर सैकड़ों जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। शीतलहर के कारण तापमान में भारी गिरावट से मजदूर वर्ग, बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ऐसे में कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई। ग्रामीणों ने इस सहायता को ठंड के कठिन समय में संजीवनी बताया। इस अवसर पर ठाकुर तारा सिंह बिष्ट ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत गुट केवल किसानों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर कमजोर वर्ग के साथ खड़ा रहना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ठंड बढ़ने पर अन्य क्षेत्रों में भी राहत कार्य जारी रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे और इस पहल की सराहना की।



