लखनऊ: मां ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर 7 साल की बेटी की गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी। शव पर पैर रखकर चढ़ गई। उसके बाद उसे बेड के बॉक्स में रखकर बंद कर दिया। बदबू आने पर शव को बाहर निकालकर AC के सामने रख दिया।
उस पर परफ्यूम छिड़ककर बदबू कम करने की कोशिश की। बाद में शव को सामने रखकर बॉयफ्रेंड के साथ शराब पार्टी की। पति को फंसाने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल की। कहा कि पति बेटी की हत्या करके भाग गया है। पुलिस ने मां और उसके प्रेमी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
महिला बार डांसर है और 4 साल से एक युवक से उसका संबंध है। उसके साथ रहने के लिए जेठ, सास और दो ननदों को रेप के केस में फंसाकर जेल भिजवा चुकी है। पति को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। उसके बाद प्रेमी के साथ अपने ही घर में लिव इन में रहने लगी थी।
कैसरबाग के खंदारी बाजार में रहने वाले शाहरुख की रोशनी उर्फ नाज से करीब 10 साल पहले शादी हुई थी। दोनों के 7 साल की बेटी सायनारा उर्फ सोना थी। 14–15 जुलाई की रात करीब 3 बजे रोशनी ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल करके बताया कि पति ने बेटी की हत्या कर दी है।
सूचना पर पुलिस पहुंची। रोशनी ने बताया कि पति शाहरुख घर पर आया था। विवाद के दौरान बेटी की हत्या करके भाग गया। पुलिस ने शव को देखा तो मामला कुछ और ही लगा। शव से बदबू आ रही थी। कीड़े भी पड़ गए थे। इससे साफ था कि हत्या एक-दो दिन पहले की गई थी। इससे पुलिस को रोशनी और उसके प्रेमी उदित जायसवाल पर शक गहराया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।