आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने लखनऊ में ऐलान किया कि पार्टी की प्रस्तावित ‘रोजगार दो-नौकरी दो’ रैली अब 31 अक्टूबर से प्रयागराज से शुरू होगी। अयोध्या के सरयू तट तक जाएगी। उन्होंने कहा- यह यात्रा रोजगार, सामाजिक न्याय और शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर होगी।
वहीं संजय सिंह ने कहा- प्रदेश में जानबूझकर अराजकता फैलाई जा रही है। I love मोहम्मद और I love महादेव जैसे नारों के नाम पर माहौल खराब किया जा रहा है। इसमें भाजपा की मिलीभगत है।
अयोध्या स्नान के कारण तारीख बदली
संजय सिंह ने बताया- पहले यह रैली 30 अक्टूबर को तय थी, लेकिन उसी दिन अयोध्या में स्नान पर्व होने के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहेगी। इस वजह से पार्टी ने निर्णय लिया कि 31 अक्टूबर से पदयात्रा प्रयागराज से शुरू की जाएगी।
युवाओं और MSME संकट पर निशाना
सांसद ने कहा- उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार सबसे बड़ा मुद्दा है। एमएसएमई सेक्टर और छोटे उद्योग बंद हो रहे हैं। सरकार ने विदेशी कंपनियों को बढ़ावा दिया है। यहां तक कि दीपावली के दिए और लाइट तक अब विदेशों से आ रही हैं। उन्होंने युवाओं से पदयात्रा में शामिल होने की अपील की। इसके लिए एक टोल नंबर भी जारी किया गया है, जिस पर मिस कॉल कर जुड़ा जा सकता है।
बुलडोजर पर सरकार पर हमला
संजय सिंह ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में हॉकी खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद के घर पर बुलडोजर चलाया गया, जो शर्मनाक है। शाहिद देश के लिए खेले, कई खेल स्थलों का नाम उनके नाम पर है, लेकिन सरकार उन्हें सम्मान देने के बजाय घर तक नहीं दे पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अडानी समूह को सबकुछ देती है, लेकिन खिलाड़ियों की उपेक्षा करती है।
अराजकता फैलाने का आरोप
आप सांसद ने कहा- प्रदेश में जानबूझकर अराजकता फैलाई जा रही है। I love मोहम्मद और I love महादेव जैसे नारों के नाम पर माहौल खराब किया जा रहा है। इसमें भाजपा की मिलीभगत है।
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
संजय सिंह ने दावा किया कि मोदी सरकार ने नौकरी देने का वादा किया, लेकिन प्रदेश में पेपर लीक की घटनाएं लगातार हो रही हैं। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था बदहाल है, स्कूलों की हालत खराब है और जातियों के नाम पर रोजगार बांटा जा रहा है।