आसीवन थाना क्षेत्र के कस्बा हैदराबाद स्थित आरपी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने यातायात जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान बच्चों ने नाटक के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। आसीवन थाना प्रभारी निरीक्षक और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। यह अभियान शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग और उन्नाव-संडीला मार्ग के बड़े चौराहे मियागंज पर चलाया गया।
छात्रों ने लोगों को बिना हेलमेट बाइक न चलाने, बिना सीट बेल्ट चार पहिया वाहन न चलाने, शराब पीकर गाड़ी न चलाने और अपनी दिशा में सही गति से वाहन चलाने का संदेश दिया। उन्होंने एंबुलेंस को सबसे पहले रास्ता देने की अपील भी की। इस अवसर पर प्रबंधक अशोक कुमार सिंह, अध्यापिका मुस्कान सिंह और प्रगति सिंह उपस्थित रहीं। आसीवन थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडे भी पुलिस बल के साथ मौजूद थे। पुलिस और स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया।



