मुंबई। बॉलीवुड के ग्लैमर, संगीत और सितारों की चमक का काउंटडाउन शुरू हो गया है। इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (आईफा) वीकेंड एंड अवॉर्ड्स 2027 की मुंबई प्रेस कॉन्फ्रेंस में 27वें संस्करण का बिगुल बज गया। आगामी 22 और 23 जनवरी को अबू धाबी के यस आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में भारतीय सिनेमा का भव्य अंतरराष्ट्रीय उत्सव सजेगा, जहां बॉलीवुड के बड़े सितारे अपनी मौजूदगी और प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
आईफा अवॉर्ड्स की मेजबानी करण जौहर, वरुण धवन, मनीष पॉल और अनन्या पांडे करेंगे। मंच पर सलमान खान, शाहिद कपूर, करीना कपूर खान, जान्हवी कपूर, रश्मिका मंदाना और नोरा फतेही की प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण होंगी। वहीं, डिजिटल अवॉर्ड्स की कमान पंकज त्रिपाठी, अली फजल और अभिषेक बनर्जी संभालेंगे। हिमेश रेशमिया और सुनिधि चौहान की संगीत प्रस्तुतियां इस जश्न में सुरों का तड़का लगाएंगी।
यूट्यूब पर पहली बार वैश्विक लाइवस्ट्रीम
आईफा 2027 की सबसे बड़ी खासियत यूट्यूब के साथ साझेदारी है। पहली बार समारोह का वैश्विक लाइवस्ट्रीम किया जाएगा, जिससे दुनिया भर के दर्शक इस सितारों भरी महफिल से जुड़ सकेंगे। ‘आईफा अनफिल्टर्ड’ के जरिए पर्दे के पीछे के खास पलों का भी आनंद मिलेगा। ज़ी 120 से अधिक देशों में आईफा का प्रसारण करेगा।
सोभा रियल्टी के साथ चार साल की साझेदारी
सोभा रियल्टी 2027 में भी आईफा वीकेंड और डिजिटल अवॉर्ड्स की प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर रहेगी। ओआरएन आयोजन का को-पावर्ड बाय स्पॉन्सर है। मुख्य आईफा अवॉर्ड्स के टिकटों की बिक्री शुरू हो चुकी है, जबकि डिजिटल अवॉर्ड्स के टिकट 23 अक्टूबर से उपलब्ध होंगे।



