Monday, May 25, 2026
No menu items!
spot_img

ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में फ्लड लाइट का शुभारंभ, उद्घाटन टी-20 नाइट मैच में डीआरएम एकादश ने मीडिया एकादश को 10 विकेट से हराया

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में स्थापित आधुनिक फ्लडलाइट व्यवस्था का भव्य शुभारंभ टी-20 नाइट क्रिकेट मैच के साथ किया गया। मंडलीय खेलकूद संघ, पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) एकादश और मीडिया एकादश आमने-सामने रहीं। आकर्षक रोशनी और खेल उत्साह के बीच आयोजित यह उद्घाटन मुकाबला दर्शकों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल रहे, जबकि लखनऊ मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (संचालन) नीतू, खेल अधिकारी धनंजय मिश्रा, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, उनके परिजन तथा बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी भी मौजूद रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने फ्लडलाइट की रोशनी में खेले जा रहे इस उद्घाटन मैच का शुभारंभ कर खेल गतिविधियों को नई दिशा देने की पहल को महत्वपूर्ण बताया।अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया समाज और संस्थाओं के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि रेलवे की उपलब्धियों और जनहितकारी पहलों को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की सकारात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित मीडिया कर्मियों का स्वागत करते हुए उनका आभार भी व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में स्थापित आधुनिक फ्लडलाइट व्यवस्था भविष्य में रात्रिकालीन खेल प्रतियोगिताओं और अभ्यास सत्रों के आयोजन में मील का पत्थर साबित होगी। इससे रेलवे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया मंच मिलेगा।मैच में मीडिया एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। टीम की ओर से सुधीर तिवारी ने सर्वाधिक 35 रनों की पारी खेली, जबकि पंकज पांडेय ने 14 रन बनाकर योगदान दिया। डीआरएम एकादश की ओर से शिव प्रताप सिंह, बलराम निषाद और पंकज कुमार सिंह ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट अपने नाम किया।95 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंडल रेल प्रबंधक एकादश ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज राहुल यादव और पंकज कुमार सिंह ने शानदार तालमेल के साथ बल्लेबाजी करते हुए मैच को एकतरफा बना दिया। राहुल यादव ने 28 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं पंकज कुमार सिंह ने 37 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाते हुए 5 चौके और 2 छक्के जड़े।डीआरएम एकादश ने बिना कोई विकेट गंवाए मात्र 10.5 ओवरों में 98 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और मीडिया एकादश को 10 विकेट से शिकस्त दी। फ्लडलाइट के उद्घाटन अवसर पर खेले गए इस ऐतिहासिक टी-20 नाइट मैच में शानदार जीत दर्ज कर डीआरएम एकादश ने यादगार शुरुआत की।मैच के समापन के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मंडल रेल प्रबंधक ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों के खेल कौशल और खेल भावना की सराहना की।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

ताज़ा ख़बरें