लखनऊ। बारावफात एवं चुप ताजिया पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। शुक्रवार को गोल्डन पैलेस, चौक में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों की अहम बैठक हुई।
बैठक में पुलिस उपायुक्त पश्चिमी, एडीसीपी पश्चिमी समेत राजपत्रित अधिकारी और पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त करने, सतर्कता बनाए रखने और पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि बारावफात और चुप ताजिया पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।



