लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने कैंप कार्यालय 7-कालिदास मार्ग में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांगजन और युवा शामिल हुए। फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा तथा रोजगार से जुड़ी समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी मौके पर जाकर निरीक्षण करें और पीड़ितों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि ऐसा समाधान हो जिससे पीड़ित पूरी तरह संतुष्ट हो और उसे बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘जनता दर्शन’ सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है और उनके त्वरित समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। भूमि विवाद और अवैध कब्जों से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जिलाधिकारियों को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि उत्पीड़न और अवैध कब्जों के मामलों में आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेही के साथ होना चाहिए, जिससे आमजन का शासन और प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। उप मुख्यमंत्री ने दोहराया कि हर जरूरतमंद की समस्या का समाधान डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता है। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के सभी को न्याय मिले, पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित उपचार की व्यवस्था हो तथा भू-माफिया और दबंगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जनता दर्शन कार्यक्रम में बहराइच, प्रयागराज, गाजीपुर, सीतापुर, बरेली, बुलन्दशहर, एटा, झांसी, सुल्तानपुर, महोबा, उन्नाव, आजमगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, जालौन, अलीगढ़ और प्रतापगढ़ समेत दो दर्जन से अधिक जनपदों से आए सैकड़ों लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।



