धाता/फतेहपुर। जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को धाता में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान 29 सितंबर से तीन अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लोगों को लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रमुख प्रावधानों से ग्रामीणों को अवगत कराया गया। इसमें 125 दिन की रोजगार गारंटी, समय से मजदूरी भुगतान, देरी पर मुआवजा और विकसित ग्राम पंचायत योजना की जानकारी शामिल रही। स्टॉलों पर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, खाद्य एवं रसद, बेसिक शिक्षा, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था पेंशन, सामूहिक विवाह, पारिवारिक लाभ, शादी अनुदान और छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में बताया। इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, कृषि बीज भंडार और वित्तीय साक्षरता अभियान की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।



