बाराबंकी:ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के 268, बाराबंकी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनीतिक नेता मोहम्मद अखलाक नदवी ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र भेजकर बाराबंकी रेलवे स्टेशन से विश्वप्रसिद्ध दरगाह देवा शरीफ तक नई रेल लाइन बिछाने की मांग की है।
पत्र में उन्होंने कहा कि हजरत हाजी वारिस अली शाह रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह देवा शरीफ देश के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों में शामिल है, जहां सालभर विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। विशेष रूप से सालाना उर्स और अन्य धार्मिक अवसरों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए इस रेल लाइन का निर्माण आवागमन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
मोहम्मद अखलाक नदवी ने कहा कि इस परियोजना से जायरीनों को सुविधा मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने और आसपास के इलाकों के विकास को गति मिलने की भी उम्मीद है।
उन्होंने रेल मंत्री से जनहित एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।



