लखनऊ: नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार को शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाकर निरीक्षण किया। इसमें कूड़ा फैलाने वाले 51 लोगों पर कार्रवाई कर 12,700 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
इस मौके पर नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर सभी जोनों में अपर नगर आयुक्तों और नोडल अधिकारियों ने जोनल स्वास्थ्य अधिकारियों व सफाई निरीक्षकों के साथ प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। 57,500 रुपए जुर्माना लगा और 11 किलो प्लास्टिक बरामद हुई।
जोन 2 में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने तिलक नगर, कुण्डरी रकाबगंज, मवैया अंडरपास, ऐशबाग रोड, मालवीय नगर और खजुआ में सफाई के निर्देश दिए। प्लास्टिक उपयोग पर जुर्माना लगाया गया और सीवर लाइन, टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए जलकल व अभियंत्रण विभाग को निर्देशित किया गया। जोन 3 में अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह ने महानगर, भारतेंदु हरिश्चंद्र, लाला लाजपत राय, जानकीपुरम, निशातगंज और विकास नगर का निरीक्षण किया।
लापरवाही पर कार्यदाई संस्था पर जुर्माना लगाकर तत्काल सफाई सुनिश्चित की गई।खुले नालों को ढकने और नियमित सफाई के निर्देश दिए गए। जोन-5 में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त और विनय कुमार राय ने सरोजनी नगर द्वितीय और आजाद नगर का दौरा किया। ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे, नालियों और खाली प्लॉटों से कूड़ा हटवाया गया। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लापरवाही पर संस्था के मद से कटौती का निर्देश दिया।