लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत खराब होने के बाद अब उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। कुछ दिन पूर्व अचानक सीने में दर्द, बेचैनी और बेहोशी की शिकायत के बाद उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
अजय राय की अस्वस्थता की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्रों में चिंता की लहर दौड़ गई थी। विभिन्न गणमान्य लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए दुआएं और शुभकामनाएं प्रेषित की थीं।
इसी क्रम में आज खानकाह-ए-आलिया वारिसिया हसनिया, लखनऊ के सज्जादानशीन सय्यद शाह वासिफ हसन वाइज़ी तेलीबाग उनके आवास पहुंचे और अजय राय की कुशलक्षेम पूछते हुए उनका हालचाल जाना। इस अवसर पर उन्होंने अजय राय के जल्द पूर्ण स्वस्थ होने की दुआ की।
सय्यद शाह वासिफ हसन वाइज़ी ने कहा कि बीमारी के समय हौसला अफजाई, सद्भावना और इंसानियत के जज़्बात सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि मतभेदों और राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर एक-दूसरे का हालचाल पूछना हमारी साझा तहजीब और मानवीय परंपरा का हिस्सा है।
उन्होंने आगे कहा कि अजय राय एक सक्रिय राजनीतिक व्यक्तित्व हैं और जनसमस्याओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उल्लेखनीय रही है। ऐसे में उनके स्वास्थ् लाभ की दुआ पूरे समाज की शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति है।
इस अवसर पर सय्यद कुतुबुद्दीन तथा सय्यद हुज़ैफ़ा ने भी अजय राय के स्वास्थ् में सुधार पर संतोष व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।



