लखनऊ:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav ने भाजपा सरकार पर व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में व्यापारी वर्ग सबसे अधिक परेशान है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन व्यापारियों को फर्जी मामलों में फंसाकर परेशान कर रहे हैं और कई व्यापारी कथित पुलिस उगाही का शिकार हो रहे हैं।शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों ने सर्राफा कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने सोने से जुड़े सरकारी फैसलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का असर व्यापार और आमजन दोनों पर पड़ रहा है। उनका कहना था कि जब लोगों के पास खर्च करने के लिए पर्याप्त धन नहीं होगा तो अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती।अखिलेश यादव ने कहा कि स्वर्णकार समाज का देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है और समाजवादी पार्टी हमेशा इस समाज के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि स्वर्णकार समाज पीडीए का हिस्सा है और समाजवादी पार्टी पीड़ितों के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी।पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और आर्थिक केंद्रीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर स्वर्णकार बोर्ड का गठन किया जाएगा। साथ ही स्वर्णकारों के लिए डिजाइन विश्वविद्यालय की स्थापना और संत नरहरि दास महाराज की प्रतिमा गोमती रिवरफ्रंट पर स्थापित करने का काम किया जाएगा।अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी को सुरक्षा और न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अमन-चैन कायम किया जाएगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।बैठक में स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखते हुए भाजपा सरकार पर विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया और समाजवादी पार्टी के प्रति समर्थन जताया। प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए स्वर्णकार समाज पूरी ताकत से कार्य करेगा।इस अवसर पर सांसद राम भुआल निषाद, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, राजेंद्र चौधरी, अंबिका चौधरी, कनकलता सिंह, फरीद महमूद किदवई सहित कई नेता और स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



