धाता/फतेहपुर। समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय समर्पण फाउंडेशन ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए आर्थिक संकट से जूझ रहे गरीब परिवार की बेटियों की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग किया। संस्था की इस पहल से परिवार को बच्चियों की शिक्षा जारी रखने में सहारा मिला है।
पूर्व खंड विकास अधिकारी द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक सहयोग अभियान के तहत धाता क्षेत्र की दीपिका और उसकी बहन की शिक्षा के लिए समर्पण फाउंडेशन आगे आया। कुछ समय पूर्व दीपिका के पिता अजय सिंह की जहरीले कीड़े के काटने से असामयिक मृत्यु हो गई थी। परिवार के भरण-पोषण का मुख्य जरिया उनकी छोटी सी चाय-समोसे की दुकान थी। पिता के निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया और बच्चियों की पढ़ाई भी प्रभावित होने की स्थिति में पहुंच गई। परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर समर्पण फाउंडेशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बच्चियों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी संस्था की ओर से हर संभव सहयोग किया जाएगा, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण बच्चियों की पढ़ाई बाधित न हो। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार ज्ञान सिंह और समर्पण फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य विवेक सिंह भी मौजूद रहे। सभी ने बच्चियों की शिक्षा को आगे बढ़ाने और जरूरतमंद परिवार को हर संभव सहयोग देने की बात कही। संस्थापक अजय सिंह ने बताया कि समर्पण फाउंडेशन सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में लगातार सक्रिय है। संस्था की ओर से समय-समय पर निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित कर लोगों की स्वास्थ्य जांच कराने के साथ ही जरूरत के अनुसार दवाओं की व्यवस्था भी की जाती है। शिक्षा के क्षेत्र में भी संस्था जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए प्रयासरत है।
समर्पण फाउंडेशन की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। संस्था की मदद को परिवार के लिए मुश्किल समय में उम्मीद की नई किरण माना जा रहा है।



