फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में बुधवार को मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) के तहत जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। इस दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस टीमों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन से संवाद किया। उन्हें महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की रक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण के संबंध में जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा पोर्टल के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। अभियान के तहत जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



