बाराबंकी : बाराबंकी के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यकर्ता तथा एआईएमआईएम के 268 विधानसभा क्षेत्र बाराबंकी से प्रत्याशी मोहम्मद अखलाक नदवी के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र हेतमपुर का दौरा कर प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच कपड़े, फल, खाने-पीने की सामग्री और अन्य जरूरी सामान वितरित किया गया।
इस अवसर पर एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष मौलाना मसीहुर्रहमान रामनगर, मोहम्मद अखलाक नदवी, विकास श्रीवास्तव, मौलाना खतीब अलवी, इसरार, रेहान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दल ने बाढ़ और नदी के कटान से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रभावित लोगों के बीच कपड़े, फल और खाने-पीने की आवश्यक सामग्री बांटी गई। इस अवसर पर मोहम्मद अखलाक नदवी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना मानवीय और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हेतमपुर और आसपास के इलाकों में बाढ़ और कटान के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में राहत कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जरूरतमंद परिवारों तक सीधे सहायता पहुंचनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने के साथ-साथ उनके घरों, रोजगार और बुनियादी जरूरतों की सुरक्षा के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है। पार्टी की ओर से प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया गया कि हालात सामान्य होने तक उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाने और हर संभव सहयोग जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
बताया गया कि रामनगर के हेतमपुर क्षेत्र में सरयू नदी के कटान से कई मकान प्रभावित हुए हैं। कुछ धार्मिक और अन्य स्थान भी कटान की चपेट में आए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।



