लखनऊ। शोआ फातिमा गर्ल्स इंटर कॉलेज में गणेशोत्सव के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए भगवान गणेश की आकर्षक एवं अद्भुत प्रतिमाएं बनाईं। उत्कृष्ट प्रतिमाएं बनाने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रबंधक श्री हुसैन असगर काजमी ने कहा कि सभी त्योहार हमारे जीवन में खुशियां लाने के साथ-साथ हमें अनेकता में एकता का संदेश भी देते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।
कॉलेज के सचिव श्री आसिम रज़ा ने कहा कि यही हमारे देश की गंगा-जमुनी तहज़ीब है, जिसकी वजह से विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों को प्रेम और सौहार्द के साथ मिलकर मनाते हैं।
प्रधानाचार्या मीरा त्रिपाठी ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को कार्यक्रम के सफल आयोजन तथा उनकी रचनात्मक पहल के लिए धन्यवाद दिया और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द से सराबोर रहा।



