ग्रेटर नोएडा/लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश के चौथे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान नगर विकास विभाग की ओर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर आयोजित संगोष्ठी में उन्होंने शहरों को अधिक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए नवीनतम तकनीक के माध्यम से ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन पर जोर दिया।ए.के. शर्मा ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केवल स्वच्छता से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध शहरों के स्वास्थ्य, पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से है। प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से शहरों को स्वच्छ रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया है। अब इस जनआंदोलन को अधिक वैज्ञानिक, व्यवस्थित और स्थायी बनाने की जरूरत है। इसके लिए आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन व्यवस्था और जनभागीदारी को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा।मंत्री ने लखनऊ के शिवरी स्थित ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र और प्रेरणास्थल की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि नगरीय क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में ठोस अपशिष्ट निकलता है। यदि इसका वैज्ञानिक ढंग से प्रबंधन किया जाए तो यही अपशिष्ट बड़े अवसर में बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि अपशिष्ट प्रबंधन उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा करने का माध्यम बन सकता है। संपीड़ित जैव गैस, अपशिष्ट से ऊर्जा, जैव ईंधन, पुनर्चक्रण और पुनर्प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में अपशिष्ट का उपयोग कर नए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा सकता है।उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट का बेहतर प्रबंधन शहरों में जीवन की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का पर्यावरण और वायु गुणवत्ता पर भी सीधा प्रभाव पड़ता है। कचरे का उचित निस्तारण और प्रसंस्करण होने से खुले में कूड़ा जलाने जैसी गतिविधियों में कमी आती है और प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के कई शहरों ने देश में उल्लेखनीय स्थान हासिल किया है। उन्होंने इसे अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों के परिश्रम के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन का परिणाम बताया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर विकास विभाग के सचिव एवं निदेशक अनुज कुमार झा ने ए.के. शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे आयोजनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रणाली से जोड़कर नगरीय निकायों को अधिक स्वच्छ बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।कार्यक्रम में नगर विकास विभाग के सचिव एवं निदेशक अनुज कुमार झा, विशेष अतिथि वी.के. चौरसिया के अलावा देश-विदेश से आए प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।



