यूपी गोरखपुर और पूर्वांचल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मेदांता ने गोरखपुर में अपनी मेडिक्लिनिक सुविधा शुरू की है। अब क्षेत्र के लोगों को हृदय रोग, कैंसर, किडनी, लिवर, मस्तिष्क और रीढ़ से जुड़ी गंभीर बीमारियों सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों से अपने शहर में ही परामर्श मिल सकेगा। मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने लोटस टावर, मेडिकल रोड, में मेदांता मेडिक्लिनिक का शुभारंभ किया।
मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने कहा, “गोरखपुर और पूर्वांचल में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में मेदांता मेडिक्लिनिक एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि मरीजों को उनके शहर के करीब ही अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श मिल सके, जिससे उन्हें अपनी बीमारी को समझने, उचित उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त करने और आगे के इलाज की योजना बनाने में मदद मिले।”



