Thursday, October 22, 2026
No menu items!
spot_img

सिनेमा, एआई और रचनात्मकता का महाकुंभ बनेगा लखनऊ, 23-24 अक्टूबर को सजेगा फिल्म फेस्टिवल

लखनऊ। नवाबों की नगरी लखनऊ अब सिनेमा, आधुनिक तकनीक और वैश्विक रचनात्मकता के नए संगम की साक्षी बनने जा रही है। अमरेन फाउंडेशन की पहल ‘लखनऊ फिल्म फोरम’ की ओर से ‘लखनऊ फिल्म फेस्टिवल सीज़न 4’ और ‘इमैजिनेरियम 2026’ का भव्य आयोजन 23 और 24 अक्टूबर को SRS सिनेमा, द सिटी मॉल, गोमती नगर में होगा। दो दिवसीय यह महोत्सव देश-विदेश के फिल्मकारों, रचनात्मक विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और युवा प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर लखनऊ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक रचनात्मक मानचित्र पर नई ऊंचाई देने का प्रयास करेगा।

इस वर्ष महोत्सव की केंद्रीय थीम फ्रेमिंग ह्यूमैनिटी “खामोशी और अराजकता के बीच जन्म लेती हैं कहानियां’” रखी गई है। यह विषय मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक बदलाव और कहानियों की परिवर्तनकारी शक्ति को केंद्र में रखते हुए सिनेमा के व्यापक प्रभाव को रेखांकित करेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव फिल्म, मीडिया, मनोरंजन और रचनात्मक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की संभावनाओं को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

अमरेन फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष एवं महोत्सव निदेशक रेणुका टंडन की दूरदर्शी परिकल्पना इस आयोजन को महज फिल्म प्रदर्शन तक सीमित रखने के बजाय एक व्यापक रचनात्मक आंदोलन का रूप देना है। उनका उद्देश्य उत्तर प्रदेश में ऐसा सशक्त क्रिएटिव इकोसिस्टम विकसित करना है, जहां फिल्म निर्माण, शिक्षा, आधुनिक तकनीक, कौशल विकास और रोजगार के अवसर एक-दूसरे से जुड़ें।

इस पहल के माध्यम से स्थानीय कहानियों और प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने, युवाओं को नए कौशल से जोड़ने तथा प्रदेश में रचनात्मक उद्योगों के विकास की संभावनाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

लखनऊ म्यूजियम ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट (LMHA) के साथ साझेदारी इस पहल को छह महीने के सांस्कृतिक अभियान तक विस्तारित करेगी। इसके तहत नियमित साप्ताहिक फिल्म स्क्रीनिंग, परिचर्चाएं और कलात्मक संवाद आयोजित किए जाएंगे। वहीं, BBD के सहयोग से होने वाला एआई हैकाथॉन युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यावहारिक और रचनात्मक इस्तेमाल से परिचित कराएगा।

महोत्सव में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान, प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, अमृत अभिजात, नवनीत सहगल, न्यायाधीश संजय मिश्रा और संतोष ओझा सहित कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।

 

महोत्सव को वरिष्ठ पत्रकार सुनीता एरन, ए.पी. मिश्रा, इतिश्री मिश्रा और ज्योति कपूर दास की प्रतिष्ठित सलाहकार समिति का मार्गदर्शन प्राप्त है। आयोजन का रचनात्मक नेतृत्व ज्योति कपूर दास और रेणुका टंडन कर रही हैं, जबकि रोचना कुमार महोत्सव की प्रोग्रामर हैं।

‘इमैजिनेरियम 2026’ भविष्य की तकनीक और कल्पनाशीलता का नया मंच

इस वर्ष के आयोजन का प्रमुख आकर्षण ‘इमैजिनेरियम 2026’ होगा जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), एनीमेशन, गेमिंग और डिजिटल स्टोरीटेलिंग की बदलती दुनिया पर केंद्रित रहेगा। इसके माध्यम से युवा रचनाकारों को तकनीक के नए आयामों, नवाचार और उभरते करियर अवसरों को समझने का अवसर मिलेगा।

तहज़ीब खुराना द्वारा क्यूरेट किए गए विशेष खंड में चुनिंदा पोलिश एनीमेशन फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद पोलैंड से सीधे जुड़े दो प्रतिष्ठित पोलिश निर्देशकों के साथ लाइव प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित होगा, जिससे दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण और एनीमेशन की दुनिया से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

एआई हैकाथॉन और मास्टरक्लास राजेश भाटिया द्वारा क्यूरेट किए गए सत्र में युवा इनोवेटर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की रचनात्मक संभावनाओं, उसके व्यावहारिक प्रयोगों और भविष्य के करियर विकल्पों को समझेंगे।

वैभव कुमारेश की फिल्म ‘रिटर्न ऑफ द जंगल’ के निर्माण पर विशेष मास्टरक्लास आयोजित होगी। इसके अतिरिक्त, किरीत खुराना के संचालन में हुज़ैफ़ा और लक्ष्मी राघवा कनोलकर की भागीदारी के साथ गेमिंग पर पैनल चर्चा होगी। यह सत्र डिजिटल मनोरंजन उद्योग की संभावनाओं और तेजी से बदलते रचनात्मक परिदृश्य पर केंद्रित रहेगा।

फिल्म महोत्सव का समापन ‘पारो’ फिल्म की स्क्रीनिंग के साथ होगा। वैवाहिक दासता (ब्राइडल स्लेवरी) जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे को उठाने वाली यह फिल्म दर्शकों को सामाजिक वास्तविकताओं पर सोचने के लिए प्रेरित करेगी।

दो दिन सिनेमा और नवाचार के अनेक रंग

23 अक्टूबर पहले दिन भव्य उद्घाटन समारोह, चयनित अंतरराष्ट्रीय फिल्मों और महिला निर्देशकों की फिल्मों की स्क्रीनिंग, विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किए जाएंगे।

दूसरे दिन 24 अक्टूबर को एआई हैकाथॉन, अंतरराष्ट्रीय एनीमेशन फिल्मों का प्रदर्शन, गेमिंग और डिजिटल मीडिया पर मास्टरक्लास तथा विशेष समापन फिल्म की स्क्रीनिंग होगी।

इस आयोजन को सफल बनाने में अमरेन फाउंडेशन और लखनऊ फिल्म फोरम की टीम के सदस्य वंदना सहगल, वंदना अग्रवाल, नमिता गुप्ता, रचना टंडन, विभा अग्रवाल, संगीता बनर्जी, श्रियाली, उषा विश्वकर्मा, लक्ष्मी विश्वकर्मा, शालिनी सिंह, विभु कौशिक, लक्ष्य, श्यान और तद्गकि सामूहिक रूप से योगदान दे रहे हैं।

लखनऊ फिल्म फेस्टिवल सीज़न 4 और इमैजिनेरियम 2026 शहर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक, वैश्विक सिनेमा और युवा रचनात्मकता से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। यह महोत्सव न केवल नई कहानियों और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि लखनऊ को फिल्म निर्माण, डिजिटल नवाचार और रचनात्मक उद्योगों के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी नई संभावनाएं खोलेगा।

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

ताज़ा ख़बरें