प्रेमनगर / फतेहपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर की ओर से मंगलवार को थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत प्रेमनगर कस्बा स्थित संत विनोबा भावे इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों और विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। वहीं सुल्तानपुर घोष गांव में ग्रामीणों को भी कानून और निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जागरूक किया गया।
बताते चलें कि संत विनोबा भावे इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों, बच्चों से संबंधित कानूनों और विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी केवल न्यायालय तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों से जुड़ी है। विद्यार्थियों को बताया गया कि संविधान लागू होने के साथ नागरिकों को मौलिक अधिकारों की संवैधानिक व्यवस्था मिली। उन्होंने छात्रों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में उचित माध्यम से सहायता लेने की अपील की। सचिव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता और अन्य सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कानून से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर जानकारी प्राप्त की। इसी क्रम में विधिक जागरूकता टीम सुल्तानपुर घोष गांव पहुंची। जहाँ ग्रामीणों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सचिव पलाश गांगुली ने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और जरूरतमंद लोगों को मिलने वाली विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों ने भी कानून से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं के बारे में जानकारी ली।
संत विनोबा भावे इंटर कॉलेज प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य विवेक सिंह यादव सहित विद्यालय का शिक्षक और स्टाफ मौजूद रहा। पैरा लीगल वालंटियर शेखर, अजमेर सिंह और अवधेश सिंह ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया। इस दौरान भाजपा नेत्री तथा अल्लीपुर मण्डल अध्यक्ष (महिला मोर्चा) किरन अग्निहोत्री सहित अन्य ने अतिथियों का स्वागत किया।



