लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने बुधवार को प्रेसवार्ता में भाजपा पर निषाद समाज का अपमान करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संरक्षण में भाजपा समर्थित लोगों द्वारा निषाद समाज के नेताओं और समाज की माताओं-बहनों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।अजय राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के साथ एक समाचार चैनल की लाइव बहस के दौरान राजू दास द्वारा कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग और धमकी दी गई, लेकिन अब तक उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो इससे यह संदेश जाएगा कि संबंधित व्यक्ति को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में निषाद समाज भाजपा को उसके कार्यों का जवाब देगा।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह दबाव में झुकने वाले नहीं हैं और लगातार संघर्ष करते रहे हैं। उन्होंने अपने ऊपर हुए कथित उत्पीड़न और कानूनी कार्रवाई का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि भाजपा सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।अजय राय ने प्रदेश में बच्चियों और महिलाओं के खिलाफ सामने आए अपराधों का उल्लेख करते हुए सरकार से सवाल किया कि ऐसी घटनाओं में अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने चकिया, जौनपुर, गाजियाबाद और गोरखपुर में बच्चियों के साथ कथित दुष्कर्म एवं हत्या की घटनाओं का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।कांग्रेस नेता राम निहाल निषाद ने कहा कि उनके द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। उन्होंने भाजपा पर निषाद समाज के पारंपरिक भोजन और संस्कृति को लेकर सवाल उठाने तथा समाज का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने भगवान राम और गुहराज निषाद के ऐतिहासिक संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि निषाद समाज का धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से गहरा संबंध रहा है।राम निहाल निषाद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में निषाद समाज को तालाब, नौका घाट, बालू घाट और जमीन के पट्टे दिए गए थे, जबकि भाजपा सरकार ने इन्हें छीनने का काम किया। उन्होंने निषाद समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि समाज के अधिकारों के लिए प्रभावी संघर्ष किया जाना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के मामले में राजू दास सार्वजनिक रूप से माफी मांगें तथा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर निषाद समाज का आंदोलन जारी रहेगा। राम निहाल निषाद ने कहा कि राहुल गांधी संविधान, गरीबों, वंचितों और पिछड़ों के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं और कांग्रेस की सरकार बनने पर निषाद समाज के अधिकार वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा।प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि सभी माताओं का सम्मान करना उनके संस्कार का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाइव बहस के दौरान राजू दास ने निषाद समाज और उनकी माताओं-बहनों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में मथुरा के सदर बाजार थाने में शिकायत दी गई है, लेकिन अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि घटना को लेकर प्रदेश के निषाद समाज में रोष है और कई जनपदों में विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से राजू दास के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर निषाद समाज का आक्रोश और व्यापक हो सकता है।प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, प्रवक्ता डॉ. उमाशंकर पाण्डेय, प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता, विचार विभाग के चेयरमैन एच.एल. दुसाध, वाइस चेयरमैन सुरेन्द्र यादव, सलमान बशर सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



