लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आगामी चुनावी रणनीतियों और मतदाता सूची (SIR) में सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर तीखे तेवर दिखाए।
अखिलेश यादव ने घोषणा की कि आगामी 26 नवंबर को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी बैठकर विस्तार से चर्चा करेंगे। इस बैठक में आने वाले सभी चुनावों के मद्देनजर पार्टी की कार्ययोजना और दिशा तय की जाएगी कि सपा को किस प्रकार से मैदान में उतरना है।
इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) और BLO व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि तमाम दावों के बावजूद एक-एक व्यक्ति के 10-10 वोट सूची में निकल रहे हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान कई BLO की जान चली गई है, जो बेहद दुखद और निंदनीय है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इससे खराब और क्या हो सकता है।
सपा प्रमुख ने कहा कि यह एक बहुत बड़ी चूक है और अब खुद चुनाव आयोग भी यह स्वीकार कर रहा है कि उनकी मतदाता सूची में गंभीर गड़बड़ियां हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग इन कमियों को जल्द दूर करेगा।



