लखनऊ: मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ऑफ इंडिया की एक महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक जामिअतुल कुर्रा, खदरा स्थित कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें राष्ट्रीय महासचिव डॉ. मोइन खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में संगठन के विस्तार, विभिन्न जिलों में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. मोइन खान ने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य समाज में जागरूकता, सामाजिक न्याय तथा समुदाय के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाना है। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए समर्पित एवं सक्रिय नेतृत्व की आवश्यकता है।
बैठक में सर्वसम्मति से विभिन्न जनपदों के लिए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की गई। सुल्तानपुर से सरताज खान, बाराबंकी से इबादुर्रहमान, बदायूं से मोहम्मद अरशद, अमेठी से गुलाम अहमद खान, महोबा से मोहम्मद समीउद्दीन, ललितपुर से इमरान अंसारी, रायबरेली से गुलफाम अहमद तथा जालौन से आरिफ खान को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त बदायूं के मोहम्मद आमिल को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए डॉ. मोइन खान ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बोर्ड द्वारा विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं जनजागरण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिनमें नव नियुक्त पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रहेगी।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन के संविधान एवं उद्देश्यों के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय उपाअध्यक्ष नसीम अहमद (पूर्व विधायक), राष्ट्रीय सचिव अनीस अहमद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष तमीमुद्दीन, बाबू चौधरी सहित संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकारिणी के सदस्य तथा विभिन्न जनपदों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



