Wednesday, July 1, 2026
No menu items!
spot_img

रामपुर को 690 करोड़ की 102 विकास परियोजनाओं की सौगात, विकास और विरासत साथ-साथ आगे बढ़ेंगे : मुख्यमंत्री योगी

रामपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर जनपद के मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों को 690 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 102 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि रामपुर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सनातन आस्था और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रदेश सरकार विकास और विरासत दोनों को समान प्राथमिकता देते हुए जनपद को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए। उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए। कार्यक्रम से पहले उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा रामपुर की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म भी देखी।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले और उसके बाद के रामपुर में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि पहले जनपद के पारंपरिक उद्योगों को उचित वातावरण नहीं मिल पाता था, लेकिन अब ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ योजना के माध्यम से पैच वर्क, जरी वर्क, वॉयलिन निर्माण और मेंथा ऑयल जैसे पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण निवेश और रोजगार के अवसर बढ़े हैं तथा हाईवे, एक्सप्रेस-वे, रेलवे फ्लाईओवर और चौड़ी सड़कों जैसी आधारभूत संरचनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी 75 जनपदों, 350 तहसीलों और 825 विकास खंडों तक विकास की योजनाएं पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि अब किसी क्षेत्र के साथ पक्षपात नहीं होता और हर विधानसभा क्षेत्र के विकास प्रस्तावों को समान प्राथमिकता दी जाती है।उन्होंने बताया कि बिलासपुर की रुद्र बिलास चीनी मिल के पुनरुद्धार और विस्तार के लिए सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट प्राप्त होते ही सरकार आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगी। साथ ही रामपुर के सभी विधानसभा क्षेत्रों से प्राप्त विकास प्रस्तावों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना किसी भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देती है। अच्छी सड़कें, पुल और संपर्क मार्ग केवल वाहनों की रफ्तार नहीं बढ़ाते, बल्कि व्यापार, निवेश और रोजगार को भी गति देते हैं। उन्होंने बताया कि गोरखपुर-शामली आर्थिक गलियारा रामपुर से होकर गुजरेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था कमजोर थी, किसान परेशान थे, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित थे और सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार व्याप्त था। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है तथा युवाओं को रोजगार, किसानों को सहायता, उद्योगों को प्रोत्साहन और गरीबों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में विरासत स्थलों के संरक्षण के साथ विकास कार्य भी तेज गति से किए जा रहे हैं। नैमिषारण्य, मथुरा-वृंदावन, शुकतीर्थ, अयोध्या, काशी और विंध्य धाम जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का व्यापक विकास कराया गया है। साथ ही युवाओं को सरकारी नौकरियों में पारदर्शी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और निवेश के माध्यम से नए रोजगार सृजित किए जा रहे हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

ताज़ा ख़बरें