भारत की सबसे बड़ी ओटीटी क्राइम फ्रेंचाइजी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। फिल्म का पहला गाना ‘दो नंबरी’ पहले ही रिलीज हो चुका है, जबकि 11 अगस्त को फिल्म का मच अवेटेड और दमदार ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया। अब फिल्म के प्रमोशन को और तेज करने के लिए स्टारकास्ट 12 अगस्त को लखनऊ पहुंचने वाली है।
अली फज़ल, दिव्येंदु शर्मा और जितेंद्र कुमार फिल्म के प्रमोशन के लिए लखनऊ में नजर आएंगे। खास बात यह है कि ‘मिर्जापुर’ की कहानी और उसकी दुनिया उत्तर प्रदेश से जुड़ी रही है, ऐसे में फिल्म के प्रमोशन के लिए लखनऊ का चुनाव भी काफी खास माना जा रहा है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ के साथ यह चर्चित फ्रेंचाइजी पहली बार बड़े स्तर पर सिनेमाघरों का रुख कर रही है। अली फज़ल एक बार फिर अपने चर्चित किरदार गुड्डू पंडित के रूप में नजर आएंगे, जबकि दिव्येंदु शर्मा भी मुन्ना भैया के किरदार के साथ वापसी कर रहे हैं। वहीं, फिल्म में जितेंद्र कुमार की मौजूदगी को लेकर भी दर्शकों के बीच खास उत्सुकता बनी हुई है।
हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टीजर को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था और अब पहला गाना व ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर बज और भी बढ़ गया है। ऐसे में 12 अगस्त को लखनऊ में होने वाला यह प्रमोशनल इवेंट फैंस के लिए भी काफी खास होने वाला है।
फिल्म की स्टारकास्ट में अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस. चौहान भी शामिल हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को अमेज़न MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। जबकि रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।



