लखनऊ। अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग की घटना पर शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार अधिकांश मृतक छात्र थे और हादसा सोमवार को अलीगंज क्षेत्र के एक व्यावसायिक भवन में हुआ।
मौलाना यासूब अब्बास ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह उन सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने इस भयावह हादसे में अपने बच्चों को खो दिया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की दुआ भी की। उन्होंने कहा, “मैं उन बच्चों के घरवालों को ताज़ियत पेश करता हूँ जो इस भयानक हादसे का शिकार हुए हैं और घायलों की जल्द मुकम्मल शिफ़ा के लिए दुआ करता हूँ।
मौलाना ने राज्य सरकार से अपील करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए जहां शिक्षा के नाम पर अनियमितताएं और कथित माफियागिरी चल रही हो तथा छात्रों की जान जोखिम में डाली जा रही हो। उन्होंने मांग की कि सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले सभी संस्थानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि इस हादसे ने कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा और भवन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन को चाहिए कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।



