Thursday, September 17, 2026
No menu items!
spot_img

तीन लाख ‘आशीर्वाद के दीयों’ से रोशन होगा कानपुर, मोतीझील में जलेंगे 76 हजार दीये

कानपुर नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से कानपुर में एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। पहले दिन ‘सेवा दिवस’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रमुख कार्यक्रम होगा। शाम सात बजे पूरे जनपद में करीब तीन लाख दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मोतीझील में होने वाले जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में 76 हजार दीये जलाए जाएंगे। नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, नदी घाटों, अमृत सरोवरों, मंदिरों, पार्कों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में दीपोत्सव में सहभागिता करेंगे।

जनपद के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री उच्च शिक्षा विभाग योगेंद्र उपाध्याय ने बुधवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान में अधिक से अधिक आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। सामाजिक, व्यापारिक और धार्मिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ा जाए।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को कानपुर ब्लाइंड स्कूल, नेहरू नगर में दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए जाएंगे। उर्सला अस्पताल में रक्तदान शिविर लगेगा और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूल किट वितरित की जाएगी। इसी दिन शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत पूरे जनपद में दीपोत्सव होगा।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा, ‘नमो सेवा’, ‘अनकही कहानियां’, नुक्कड़ नाटकों का मंचन, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत सामूहिक रंगोली बनाई जाएगी। 25 सितंबर को जनपद की 111 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण होगा, जबकि सात अक्टूबर को फूलबाग चौराहे पर ‘सेवा कलश यात्रा’ आयोजित की जाएगी।

‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत प्रत्येक विकास खंड में ‘सरकार आपके द्वार’ सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन पात्र लोगों को चिह्नित किया जाएगा, जो अभी तक योजनाओं के लाभ से छूटे हुए हैं। पात्रता के अनुसार ऐसे लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित कराने की कार्रवाई  जाएगी।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो चिह्नित स्थानों पर नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता अभियान, नदी घाटों की सफाई, सघन वृक्षारोपण, अंगदान संकल्प, नशा मुक्ति, डिजिटल साक्षरता और मतदाता जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम होंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना और सरकार की योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी लेना भी है। जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता लाभार्थियों एवं आम नागरिकों से संवाद करेंगे।

अभियान में सोशल मीडिया पर भी विशेष फोकस रहेगा। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभवों पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। एक माह तक चलने वाले अभियान का समापन 17 अक्टूबर को होगा। इस अवसर पर ‘जनसेवक महाकुंभ : पंचायत से पार्लियामेंट तक’ जैसे बड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें पंचायत से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता की योजना है।

समीक्षा बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, राहुल बच्चा सोनकर, सुरेंद्र मैथानी एवं सरोज कुरील, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष ग्रामीण उपेंद्र पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष उत्तरी अनिल दीक्षित और भाजपा जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह मौजूद रहे। ज्वाइंट सीपी विपिन ताडा, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार, केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

ताज़ा ख़बरें