प्रेमनगर/खागा। जनपद में रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच ऐरायां विकासखंड के भैंरवा खुर्द मजरे मंडवा गांव में मंगलवार देर शाम एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार मकान में मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने से गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया, जबकि परिवार के लोग सुरक्षित हैं।
भैंरवा खुर्द गांव निवासी पवन कुमार मौर्य पुत्र अशरफी लाल मौर्य मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया गया कि उनका कच्चा मकान काफी समय से जर्जर हालत में था और परिवार इसी मकान में रहकर गुजर-बसर कर रहा था। मंगलवार को मौसम खराब होने और तेज बारिश की आशंका के बीच पवन कुमार को मोबाइल फोन पर मौसम संबंधी चेतावनी मिली। इसके बाद उन्होंने एहतियात बरतते हुए बच्चों और घरेलू खाद्य सामग्री समेत जरूरी सामान को लेकर अपनी मां के पुराने आवास में चले गए। परिवार के सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनका कच्चा मकान तेज बारिश के बीच अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की आवाज से आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि परिवार पहले ही मकान से बाहर निकल चुका था, जिसके चलते किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पीड़ित पवन कुमार ने बताया कि परिवार में दो भाई होने के कारण माता-पिता और भाई से अलग इस कच्चे आवास में रह रहे हैं। पवन का कहना है कि उन्हें अब तक आवास का लाभ नहीं मिल सका है। कच्चा मकान लगातार जर्जर हो रहा था और बारिश के दौरान उसके गिरने का खतरा बना हुआ था। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आवास समेत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को सुरक्षित छत मिल सके। इस पूरे मामले में प्रभारी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अर्पण अग्रवाल ने बताया कि राजस्व विभाग की ओर से पहले मौके की जांच कर रिपोर्ट लगाई जाएगी। राजस्व रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार पीड़ित परिवार को आपदा के तहत मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। इसके बाद पात्रता के अनुसार ब्लॉक स्तर से मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने की प्रक्रिया की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में कई कच्चे मकान खतरे की स्थिति में हैं। ऐसे में प्रशासन को जर्जर मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को समय रहते सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की जरूरत है।



