Monday, August 31, 2026
No menu items!
spot_img

भाजपा सरकार में लूट और महाडकैती हो रही, सरकारी संपत्तियां बेचकर जेबें भरी जा रहीं : अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई, कानून-व्यवस्था और सरकारी संपत्तियों को बेचने के आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। रविवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लूट और महाडकैती हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की हर योजना और हर कार्य में भ्रष्टाचार है तथा सरकारी संपत्तियां बेचकर कमीशनखोरी की जा रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकियां टूट रही हैं, एक्सप्रेस-वे और सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो रही हैं और गड्ढे बने हुए हैं। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का मॉडल विकास करने के बजाय जेब भरने वाला मॉडल है।सपा अध्यक्ष ने जेपीएनआईसी को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “भाजपा ने जेपी को बेच दिया।” उन्होंने दावा किया कि जेपीएनआईसी को बेचने से पहले उसे बनाने वाले ठेकेदारों का भुगतान किया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि जिस कीमत पर जेपीएनआईसी बेचा गया है, उतनी रकम तो उसकी पार्किंग और कैफे से ही निकल सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस वास्तुकार की जांच भाजपा सरकार करा रही थी, उसे बाद में दिल्ली में बन रहे रेलवे स्टेशन की करीब तीन हजार करोड़ रुपये की परियोजना का काम दे दिया गया।उन्होंने कहा कि तहसीलों में भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला है तथा जनता इससे त्रस्त है। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे प्रदेशों के माफिया उत्तर प्रदेश में आकर गोलियां चला रहे हैं और हत्याएं कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “हथेली गरम, पुलिस नरम” जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि अपराधियों और सत्ता के बीच कोई साझेदारी नहीं है तो फिर अपराधों पर पर्दादारी क्यों की जा रही है। उन्होंने न्याय की मांग कर रहे एक गायक के परिवार का भी उल्लेख किया।अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा के खिलाफ है और आने वाले समय में भाजपा को सत्ता से हटा देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार में कन्नौज में स्थापित उत्तर प्रदेश के पहले काऊ मिल्क प्लांट को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया और उसे बेच दिया। उन्होंने लखनऊ के प्लासियो मॉल, क्लार्क होटल के पास स्थित छतर मंजिल और किसान बाजार को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के टोल और रखरखाव को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक्सप्रेस-वे के रखरखाव का पैसा खर्च करने के बजाय भ्रष्टाचार किया गया और सड़क के गड्ढे नहीं भरे गए।उन्होंने कहा कि जनता जानती है कि लूट और महाडकैती करने वाला कौन है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने रामायण का उदाहरण दिया और कहा कि रावण भी सीता माता का अपहरण करने के लिए भेष बदलकर आया था। उन्होंने जनता से ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की।अखिलेश यादव ने मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मंदिर के बाहर बैठे भिखारी भी मंदिर में चोरी नहीं करते, लेकिन भाजपा के लोगों ने चढ़ावा चोरी कर लिया। उन्होंने भाजपा को सवालों से बचने वाली और नकारात्मक सोच वाली पार्टी बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार गरीबों का सम्मान नहीं करती और महंगाई से आम जनता परेशान है।उन्होंने पेट्रोल में इथेनाल मिलाने और चीनी की कीमतों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि इथेनाल गन्ने और अनाज से बनता है और इसकी नीति के कारण चीनी महंगी हो रही है, जिससे उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री की छवि सुधारने के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च किए हैं, लेकिन इससे जनता के बीच उनकी छवि नहीं सुधर सकती।सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी सरकार में मरीजों के लिए शुरू की गई 102 और 108 एम्बुलेंस सेवाओं को भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में दवाओं और इलाज की कमी का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि हजारों प्राथमिक विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए 26 हजार विद्यालयों को फिर से शुरू कराया जाएगा।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दोनों हाथों से सरकारी बजट लूट रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लोक निर्माण विभाग का विशेष लेखा परीक्षण कराया जाएगा, जिससे यह पता चलेगा कि सरकारी धन की लूट किसने की। उन्होंने सिंचाई विभाग और जल जीवन मिशन में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उनका कहना था कि गांवों में पानी पहुंचाने के नाम पर रास्ते खोद दिए गए, लेकिन कई स्थानों पर पानी नहीं पहुंचा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की पाइपलाइन कालिदास मार्ग तक पहुंची हुई है।उन्होंने भाजपा को धन्ना सेठों की पार्टी बताते हुए आरोप लगाया कि गरीबों से पैसा लेकर बड़े उद्योगपतियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने महंगाई के लिए मुनाफाखोरी को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ आम जनता के बजाय बड़े कारोबारियों को मिल रहा है।पीडीए को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि इससे कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग प्रगतिशील विचारों वाले हैं और विकास करना चाहते हैं। उनका उद्देश्य सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और समाज को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में छात्रों को लैपटॉप दिए गए थे, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर हुआ। उनके अनुसार लैपटॉप आज आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान सरकार इस आवश्यकता को समझने में विफल है

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

ताज़ा ख़बरें