यूपी/एजेंसी सलमान खान अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के साथ एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने भावनात्मक और संवेदनशील अंदाज में लौटने के लिए तैयार हैं। 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही इस फिल्म को लेकर जबरदस्त माहौल बन गया है। फिल्म का रफ-कट और वर्क-इन-प्रोग्रेस वर्जन देखने वाले फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गजों और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के सदस्यों ने इसे सलमान के करियर के बेहतरीन अभिनय में से एक बताया है। यह फिल्म उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्मों ‘बजरंगी भाईजान’ और ‘सुल्तान’ की याद दिलाती है।
हाल ही में मुंबई में फिल्म की एक खास स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें सुभाष घई, कबीर खान, सूरज बड़जात्या और डेविड धवन जैसे जाने-माने निर्देशकों के साथ रितेश देशमुख और निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर भी शामिल हुए। सभी ने फिल्म की भावुक कहानी, भव्यता और मानवीय संवेदनाओं को पर्दे पर उतारने के तरीके की खूब सराहना की। दिग्गजों का मानना है कि जिन दर्शकों को ‘बजरंगी भाईजान’ और ‘सुल्तान’ पसंद आई थीं, उन्हें इस फिल्म में भी वही जज्बा और दमदार अभिनय देखने को मिलेगा।
‘बजरंगी भाईजान’ की तरह ही, जहां नफरत से ऊपर इंसानियत को रखा गया था, ‘मातृभूमि’ भी एक गहरा मानवीय संदेश देती है। ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान खान ने स्पष्ट किया था कि यह फिल्म किसी देश या चीन के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह सीमा के दोनों ओर युद्ध से होने वाली तबाही और आम लोगों के दर्द को बयां करती है। लद्दाख की कड़ाके की ठंड में एक सैनिक की भूमिका को जीवंत करने के लिए सलमान ने कड़ी मेहनत की है। शुरुआती दर्शकों और सेंसर बोर्ड से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद यह फिल्म प्रशंसकों के लिए एक बेहद खास सिनेमाई अनुभव साबित होने जा रही है।



