लखनऊ। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ऑफ इंडिया (एमपीएलबीआई) ने संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं गतिशील बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय तथा प्रदेश स्तर पर नई नियुक्तियों की घोषणा की है। यह निर्णय बोर्ड की शूरा की बैठक में लिया गया, जिसमें संगठन के विस्तार और मजबूती से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बोर्ड के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. मुईन अहमद खान द्वारा जारी जानकारी के अनुसार फरीदाबाद (हरियाणा) के अनीस अहमद खान को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं बिनावर, जनपद बदायूँ के तमीमुद्दीन बाबू चौधरी को प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इसके अलावा मऊ के मोहम्मद सादिक खान तथा बाराबंकी के शेर मोहम्मद को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. मुईन अहमद खान ने कहा कि संगठन देशभर में अपने नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज के बीच प्रभावी भूमिका निभाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवमनोनीत पदाधिकारी अपनी कार्यकुशलता, अनुभव और समर्पण के बल पर संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नसीम अहमद ने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई जिम्मेदारियां संभालने वाले पदाधिकारी संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्य करने में सफल होंगे।



