लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने गोरखपुर पहुंचकर राप्ती नदी स्थित अंतिम संस्कार स्थल पर गुंबद गिरने से जान गंवाने वाले दो अधिवक्ताओं के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। हादसे में अधिवक्ता संजय सिंह और अधिवक्ता आलोक अस्थाना की दुखद मृत्यु हुई थी।अजय राय अधिवक्ता संजय सिंह के शांतिनगर कॉलोनी, शाहपुर स्थित आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद उन्होंने राप्ती नगर, फेज-4, स्पोर्ट्स कॉलेज के पीछे रहने वाले अधिवक्ता आलोक अस्थाना के परिवारजनों से भी मुलाकात की और उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने दोनों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत अधिवक्ताओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गोरखपुर के स्थानीय वरिष्ठ कांग्रेसजन भी उनके साथ मौजूद रहे।



