लखनऊ। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में बुधवार को राजधानी लखनऊ में प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखे आरोप लगाते हुए पार्टी के आगामी प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की घोषणा की।
बैठक में दिल्ली के पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी दिलीप पांडेय, सह प्रभारी विशेष रवि और दिल्ली के विधायक सुरेंद्र चौधरी के अलावा निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, महासचिव दिनेश सिंह पटेल, विभिन्न प्रांतों के प्रभारी एवं अध्यक्ष, प्रदेश के प्रकोष्ठ अध्यक्ष और महासचिव, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष तथा विधानसभा चुनाव लड़ चुके पूर्व प्रत्याशी मौजूद रहे।संजय सिंह ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सितंबर के अंतिम सप्ताह से आम आदमी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी कितनी और कैसी हिस्सेदारी करेगी, इस संबंध में राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और केंद्रीय नेतृत्व के साथ विस्तार से चर्चा की जाएगी। सीटों की संख्या और चुनावी रणनीति के संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से 27 सितंबर को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालयों पर विचार गोष्ठियों के साथ बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। संजय सिंह ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को भगत सिंह के विचारों से जोड़ने के साथ समाजसेवा का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।संजय सिंह ने कहा कि अक्टूबर माह से आम आदमी पार्टी प्रदेश में व्यापक जनयात्रा निकालेगी। उनके अनुसार यह यात्रा बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक अन्याय, भ्रष्टाचार और भाजपा की कथित नफरत की राजनीति के मुद्दों को लेकर निकाली जाएगी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि सहारनपुर, संभल, मुरादाबाद और मेरठ सहित विभिन्न स्थानों पर जानबूझकर हिंदू-मुस्लिम विवाद का माहौल बनाया जा रहा है, क्योंकि उसके पास विकास का कोई ठोस एजेंडा नहीं है।भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए संजय सिंह ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर भी निशाना साधा। उन्होंने राम पथ गमन मार्ग की स्थिति और जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकियों का उल्लेख करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सड़क, स्कूल, अस्पताल, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में भी अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बरेली में पानी की टंकी बहने की घटना का उल्लेख करते हुए इसे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताया।प्रदेश में बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए संजय सिंह ने प्रयागराज में डीएलएड प्रशिक्षित युवाओं के आंदोलन का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि बेसिक शिक्षा विभाग में दो लाख से अधिक पद खाली हैं, इसके बावजूद सरकार भर्ती करने के बजाय स्कूल बंद करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 15 लाख डीएलएड प्रशिक्षित युवा रोजगार की तलाश में हैं।संजय सिंह ने इंटर कॉलेजों में शिक्षक भर्ती को लेकर बीएड की अनिवार्यता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि इसके चलते करीब सात लाख परास्नातक छात्रों के सामने शिक्षक भर्ती में शामिल होने का संकट पैदा हुआ है। आम आदमी पार्टी की ओर से उन्होंने मांग की कि प्रभावित छात्रों को कम से कम दो वर्ष की मोहलत दी जाए, ताकि वे नई पात्रता व्यवस्था के अनुरूप आवश्यक योग्यता हासिल कर सकें।प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार के विकास संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर केवल अपने दावों का प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक जैसी समस्याओं को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर गड्ढों, खुले मैनहोल से होने वाली दुर्घटनाओं और वाराणसी में जलभराव का उल्लेख करते हुए सरकार के विकास संबंधी दावों पर सवाल खड़े किए।संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी आने वाले समय में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच जाएगी। सितंबर से विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, 27 सितंबर को भगत सिंह जयंती पर जिला स्तर के कार्यक्रम और अक्टूबर से प्रदेशव्यापी जनयात्रा के जरिए पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करने का संकेत दिया है।



