फतेहपुर। ग्राम सभा बनरसी, परगना अयाह शाह के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव में जलभराव की गंभीर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रमेश प्रजापति के घर से प्राथमिक विद्यालय तक करीब 500 मीटर लंबा रास्ता पिछले एक माह से जलमग्न है। लगातार बारिश और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण रास्ते पर लंबे समय से पानी भरा हुआ है।
- जलभराव के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है। पानी से होकर गुजरने के कारण बच्चों के कपड़े और किताबें खराब होने के साथ ही उनके गिरने का खतरा भी बना रहता है। बुजुर्गों और महिलाओं के लिए भी रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक लंबे समय से पानी जमा होने के कारण आसपास मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण कराने, पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने तथा क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत अथवा निर्माण कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता दुरुस्त होने से प्राथमिक विद्यालय जाने वाले बच्चों के साथ ही पूरे गांव के लोगों को राहत मिलेगी।



