लखनऊ । शहर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जिलाधिकारी विशाख जी और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं को परखते हुए संबंधित अधिकारियों को जलभराव की स्थिति से निपटने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जोन-4 में ताज अंडरपास, गोमती नगर पंपिंग स्टेशन, जनेश्वर मिश्र रेलवे अंडरपास तथा कठौता झील के निकट सपना स्वीट्स क्षेत्र का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जल निकासी की व्यवस्था, पंपिंग स्टेशन की कार्यप्रणाली और बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद जोन-3 स्थित जानकीपुरम पंपिंग स्टेशन और बैरल नंबर-2, बंधा रोड का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित टीमों से जल निकासी और पंपिंग व्यवस्था की जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने लगातार सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।नगर निगम की टीमें शहर के सभी जोनों में लगातार सक्रिय हैं और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। विभिन्न स्थानों पर नालियों और जल निकासी मार्गों की सफाई कराई जा रही है, जिससे बारिश के पानी की निकासी सुचारु बनी रहे। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में नगर निगम की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जलभराव रोकने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जल निकासी, सफाई समेत अन्य जरूरी कार्यों में टीमें लगातार जुटी हुई हैं।निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम पहुंचकर बारिश से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी का जायजा लिया। कंट्रोल रूम के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार संबंधित टीमों को मौके पर भेजकर कार्रवाई की जा रही है।जिलाधिकारी विशाख जी ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण जिन भी क्षेत्रों में पेड़ गिरने की सूचना मिले, वहां संबंधित टीम को तत्काल भेजकर पेड़ हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात और आमजन की आवाजाही प्रभावित न हो।नगर निगम ने बारिश और जलभराव से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नियंत्रण कक्ष का टोल फ्री नंबर 1533 जारी किया है। इसके अलावा नागरिक 9219902911, 9219902912, 9219902913 और 9219902914 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव, पेड़ गिरने अथवा किसी अन्य समस्या की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि संबंधित टीम को मौके पर भेजकर त्वरित कार्रवाई की जा सके।



