लखनऊ। ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव एवं प्रवक्ता मौलाना यासूब अब्बास साहब ने एक कॉमेडी शो में शहीद आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनई साहब के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किए जाने के मामले में कड़ी आपत्ति जताई है। इस संबंध में मौलाना यासूब अब्बास साहब ने स्वयं चौक कोतवाली पहुँचकर लखनऊ निवासी अंकित अग्निहोत्री के विरुद्ध शिकायत-पत्र जमा किया और प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित कॉमेडी शो के दौरान आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनई साहब के लिए “ख़ामेनई पंचर वाला” और “ख़ामेनई हलाला सेंटर” जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। मौलाना यासूब अब्बास साहब के अनुसार, इस प्रकार की कथित टिप्पणियों से शिया समुदाय के लोगों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं और समुदाय में नाराज़गी है।
मौलाना यासूब अब्बास साहब ने कहा कि आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनई साहब इस्लामी गणराज्य ईरान के सर्वोच्च नेता होने के साथ-साथ शिया समुदाय के एक प्रतिष्ठित धार्मिक विद्वान एवं वरिष्ठ मरजा-ए-तक़लीद के रूप में सम्मानित रहे हैं। उनके प्रति विश्वभर में बड़ी संख्या में लोगों की गहरी धार्मिक आस्था और श्रद्धा रही है। ऐसे सम्मानित धार्मिक व्यक्तित्व के संबंध में कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला है।
मौलाना ने कहा कि कॉमेडी या मनोरंजन के नाम पर किसी की धार्मिक आस्था और सम्मानित धार्मिक व्यक्तित्व के प्रति अपमानजनक टिप्पणियों को उचित नहीं ठहराया जा सकता। ऐसे मामलों में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
मौलाना यासूब अब्बास साहब ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि शिकायत में उल्लिखित मामले की निष्पक्ष जाँच कर संबंधित वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जाए तथा आरोप प्रमाणित होने और कानूनी आधार पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य लागू कानूनों के तहत उपयुक्त धाराओं में FIR दर्ज कर कठोर विधिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जाँच करेगा और कानून के अनुरूप आवश्यक कदम उठाएगा।
इस मौक़े हैदरी टास्क फोर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ने आग़ा, ज़ीशान ज़ैदी, ज़ैग़म ज़ैदी, आमिर रज़ा (ज़फ़रुल), हैदर रिज़वी, शेख़ सईद समेत संस्था के अन्य पदाधिकारी, सदस्य व गणमान्य लोग मौजूद रहे।



