मियांगंज के आसीवन थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोर 15 हजार रुपये नकद और जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पीआरवी और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
कानखेड़ा गांव निवासी मंशाराम पुत्र चुन्नी लाल ने रविवार सुबह करीब सात बजे डायल 112 पर पुलिस को चोरी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चोरों ने उनके घर के पीछे से सेंध लगाई थी।
सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और आसीवन पुलिस को सूचित किया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। उन्होंने जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।मंशाराम की पत्नी सदा प्यारी ने बताया कि चोरों ने हाफ पेटी, एक जोड़ी बड़ी पायल, एक चांदी की चेन, पांच जोड़ी बिछिया, हाथ फूल, दो जोड़ी छोटी पायल, सोने की मांग बेंदी, बेहसर, टप्स, झुमकी और गुल्लक में रखे 15 हजार रुपये नकद चुरा लिए।
स्वजनों को चोरी का पता सुबह करीब छह बजे चला, जब वे मवेशियों को चारा-पानी देने के लिए भूसा लेने अंदर गए। उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें चोरी की घटना का एहसास हुआ।



