उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने शराब ठेके पर कार्यरत एक सेल्समैन के सिर में गोली मारकर हत्या कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और उच्चाधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। आसीवन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के सिर में गोली मारी गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव के पास उसकी अपाचे मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस इसे प्रथम दृष्टया सुनियोजित हत्या का मामला मान रही है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
मृतक की पहचान सुधीर प्रजापति (35) पुत्र रामलखन निवासी गांव बड़ा देव, थाना औरास, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। सुधीर आसीवन थाना क्षेत्र के कस्बा कुरसठ स्थित एक शराब ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार वह पिछले करीब दस दिनों से घर नहीं गया था और कुरसठ में ही रहकर काम कर रहा था।सोमवार सुबह करीब 11 बजे सुधीर अपनी बाइक से कुरसठ से घर लौट रहा था। जैसे ही वह पहाड़पुर से शरीफाबाद संपर्क मार्ग पर गांव बीजीमऊ के पास पहुंचा, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उसे घेर लिया और बेहद करीब से उसके सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
सूचना पर पहुंची आसीवन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ संतोष सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



